शनिवार, 3 अप्रैल 2010

भारत के हिंदी मिडिया को ' थू' है

मैं इन दिनों , जब सानिया मिर्जा के शादी के मसले पर हांफ-हांफ कर बताते हुए समाचार चैनलों पर बेचारे पुतले जैसे पत्रकारों को देखता हूँ तो उन कम-नसीबों पर बड़ी दया आती है और मिडिया के प्रबंधकों के मुंह पर थूकने का ख्याल आता है
सानिया मिर्जा अगर पाकिस्तानी क्रिकेटर से शादी कर लेगी तो भारत की जैसे संयुक्त राष्ट्र संघ में कट जाएगी वैसे ही उछल कर समाचार पढने वाले चैनल के ख़रीदे हुए गुलाम पूरे जहान को ताकीद कर रहा/रही होते है।
मुझको सानिया मिर्जा गलत नहीं लगती है, खासकर इस मसले पर। बेचारी टेनिस में जितना कुछ कर पाई उतना किया। अब बेकार हो रही है। ऐसे में अगर वो अपने औरताने शरीर को बाज़ार में बेच- परोस रही है तो हमारा निष्पक्ष हिंदी समाचार चैनल क्यों पिम्प का काम कर रहा है ?
और शिवसेना का राष्ट्रवाद तो है इसी दर्जे का राष्ट्र वाद। बिहार, उत्तर प्रदेश के लोगों महाराष्ट्र से निकाल दो तो ' ठाकरे' चचा-भतीजे सानिया पाकिस्तानी से ब्याहे या किसी की दूजी बीबी बने - तुम्हारी क्यों दाढ़ी सुर्ख हो रही ?

बुधवार, 24 मार्च 2010

वह कौन था जो झांकता था मेरी जिन्दगी में

वह कौन था जो झांकता था मेरी जिन्दगी में
और कर जाता है जलजला
गोया कभी कोई चेहरा न दिखा
जब कभी दिखा भी तो खामोश कर गया जुबान
कि वो तो दुश्मन नहीं, दोस्त ठहरे
जो बिना दस्तक दिए
मेरी चौखट में हो गए थे मेहमान
किसी ने देखा उन्हें आते या जाते कभी
जब समझ आया तो ज़माने ने कहा अपने है
वह तो बहुत बाद गुमान हुआ
कि वो मोबाईल फोन है
अब मैं खामोश हूँ
और बेजार हूँ ज़माने से
यूँ अकेलापन है तो सुकून है और राहत है
वरना वो झाँकने वाले कि मुहब्बत की कसम
हम बेचैन थे
पर खौफ नहीं अब कोई।

मंगलवार, 16 मार्च 2010

समय और दुनिया : मेरा और तुम्हारा


मेरा समय; तुम्हारा समय यानि कविता समय !


सबको अपने समय में ही खुशियाँ मनानी है, गम उठाना है। और और बहुत सारे सुकर्म-कुकर्म करने हैं। जैसे, झूठ नहीं बोलने का वादा करके झूठ बोलना है। और फिर पकड़े जाने पर 'हें..हें...हें....' करना है या झूठ बोलने की अपनी कोई मज़बूरी बतानी है या मुकर जाना है या अकड़कर यह कहना है कि झूठ बोल ही दिया तो क्या पाप कर दिया !


चाहे जो करना है , अपने समय में करना है।


अपने समय को समझना अत्यंत दुष्कर कार्य है। लोग बहुधा अतीत में जीते हैं। अतीत में जीना तुलनात्मक रूप से आसान और सुरक्षित है। मनुष्य जब भी अपनी पराजय का आभास पाता है अतीत की भागने लगता है। उसे लगता है कि अतीत में हार नहीं सिर्फ जीत है।


अतीत एक ठहरा हुआ वाकया है इस लिए हम उसका जैसा चाहे वैसा तर्जुमा कर लेते हैं। हम अतीत को अपनी जरूरत और रूचि के अनुरूप गढ़ लेते है । कहा जा सकता है कि अतीत एक लोंदा है गीली मिट्टी का और उसे अपनी मर्जी के रूप में गढ़ लेते हैं और बच्चे की तरह खुश हो उठते हैं। खैर!

लेकिन अपने समय में अपनी मर्जी नहीं चलती ; हालाँकि हम कम कोशिश नहीं करते हैं अपनी मर्जी चलाने की। इसका मतलब यह भी नहीं कि हम और आप बिलकुल ही बेबस और लाचार हैं ! नहीं, यहाँ आवश्यकता होती है खुद में सुघट्यता लाने की और तदनुरूप प्रति-व्यवहार करने की ......

मैं कहूँगा कि समय रहस्य नहीं , समय एक रौशनी है। एक ऐसी रौशनी जिससे बहुधा सामान्य जन की आँखें चुंधिया जाती है ।

मेरा समय और तुम्हारा समय उतना ही पृथक और भिन्न है जितना मेरी दुनिया तुम्हारी दुनिया से अलग है। हम सभी अपनी अपनी दुनियाओं की धुरी होते है ......


सोमवार, 8 मार्च 2010

महिला दिवस की राजनीति

महिला दिवस है, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस है तो स्त्री-सशक्तीकरण की बात अवश्य की जानी चाहिए। किन्तु मैं कुछ सवाल करना चाहता हूँ, खुद से, आप से, और खास कर राजनैतिक दल और महिला संगठनों से।
आज अब बात काफी पुरानी सी हो रही है महिला आरक्षण को लेकर। संसद में महिला-आरक्षण हो यह बात भारतीय राजनीति के लिए काफी पुरानी है। तो ऐसी स्थिति में
१) भारत की राजनैतिक पार्टियों ने, जो बढ़-चढ़कर 'महिला-आरक्षण' की राजनीति कर रही हैं , अपनी पार्टी के स्टार पर इस तरह का कौन सा नज़ीर पेश किया है? कितनी महिलाओं को किस उन पार्टियों ने अपने दल में स्थान दिया और कितनी महिलाओं को अपना चुनावी उम्मीदवार बनाया ?
२) कुछ चेहरों को सामने लाकर रख देने भर से क्या यह मान लिया जाना चाहिए कि भारत में महिलाओं को उचित दर्जा मिल चुका है ?
३) बृन्दा करात, सोनिया गाँधी का इस लिए राजनीति देदीप्यमान नक्षत्र की तरह चमक रहे हैं कि वे महिलाऐं खुद राजनीति में आए है या उनके साथ उनके पति का लेबल भी साथ है ?
और आखिरी सवाल
४) क्या सामान्य भागीदारी का एक मात्र विकल्प आरक्षण ही रह गया है ? किसी लालू प्रसाद या मुलायम सिंह के सिर ठीकरा फोड़ने से बेहतर यह नहीं होता कि संसद में कानून पास करवाने की मज़बूरी को छोड़कर सभी सहमत राजनैतिक पार्टियाँ अपने अपने दलों ऐसी व्यवस्था करवाते कि ऐसा प्रतीत होता कि वे सचमुच महिलाओं का सशक्तीकरण चाहते हैं ?
लेकिन नहीं, कोई ऐसा चाहता नहीं - बस राजनीति की जा रही है, राजनीति। यदि कुछ समाजवादी दल महिला आरक्षण में जाति के आधार पर कुछ हिस्सेदारी सुनिश्चित करना चाहते है तो इसमें बुराई क्या है ? या आरक्षण का लाभ सिर्फ ' छम्मक छल्लो ' किस्म की महिलों को ही मिले ?

बुधवार, 10 फ़रवरी 2010

डॉ धर्मवीर: एकमात्र दलित चिन्तक

हिंदी के दलित लेखक और चिंतकों में डॉ धर्मवीर ही ऐसे हैं जिन्हें निस्संदेह दलित लेखक माना जा सकता है। शेष लेखक इनके फुटनोट होने लायक भी नहीं हैं क्योंकि इनको छोड़कर किसी और के पास चिंतन की स्वतन्त्र तर्क-सरणी नहीं है।
दलित-विमर्श का वास्तविक प्रतिपक्ष यद्यपि परंपरा और परम्परावाद है तथापि इनका बौद्धिक प्रतिपक्ष कथित प्रगतिशीलता है। गैर दलित प्रगतिशीलों ने दलित-विमर्श का भी झंडा हडपने की बड़ी और लम्बी कोशिश की और क्योंकि बौद्धिकता का लगाम उन्हीं गैर दलित प्रगतिशीलों के हाथ में था इसलिए स्वीकृति की कुटिल राजनीति के जरिए कम और नाजुक बुद्धि वाले दलित लेखकों को अनावश्यक महत्त्व देकर दलित विमर्श की मुख्य धारा को कमजोर करने की अद्भुत कोशिश की।
डॉ धर्मवीर इस कुटिलता से प्रारंभिक दिनों से वाकिफ और होशियार रहे।उनकी ऐसी सावधानी को देखकर, गैर दलित बुद्धिजीवियों ने कुछ पालतू दलित प्रगतिशीलों से उनपर शारीरिक आघात का भी प्रयास करवाया था, यह भी सनद रहे।
अब, चूँकि साहित्य भी एक व्यवसाय है और हर व्यवसाय की मानिंद इसमें भी स्वीकार - तिरस्कार का खेल चलता है , जिसकी ओट लेकर दलित-विमर्श के शत्रु मित्र-रूप से शामिल होकर इसकी जड़ को ही दूषित करने का षड्यंत्र कर रहे हैं। इस षड्यंत्र से विमर्शकारों को तो होशियार रहना ही चाहिए। किन्तु यह बात भी तय है कि अकेले डॉ धर्मवीर इन झंझावातों के निपटान में सक्षम होंगे।
ध्यान रखने की जरुरत है कि दलित-विमर्श हो या स्त्री विमर्श , यह सिर्फ कोरी भावुकता से बनी नहीं रह सकती है। इसके प्रतिपक्ष सिर्फ ब्राह्मणवाद अथवा मनुस्मृति नहीं है। जड़ें गहरी है। जब तक सामानांतर विश्व-दृष्टि का प्रस्ताव नहीं होगा तबतक इसका कोई दूरगामी परिणाम नहीं होगा।
डॉ धर्मवीर के लेखन और चिंतन में एक नई विश्व-दृष्टि की सम्भावना और प्रस्तावना देखी जा सकती है।

गुरुवार, 4 फ़रवरी 2010

टूटी हुई डोर

टूटी हुई डोर !
किसी कारण से - चाहे अधिक खींचने से, या कमजोर होने से या घिस जाने की वजह से टूट गई डोरी, जगत लगाकर जोड़ ली जाती है।
गांठ भले ही पड़ जाती हो पर वह जुड़ जाती है।
टूटी हुई डोरी से गांठ लगी डोरी मुझे अधिक बेहतर मालूम देती है।
यह संसार है , जोड़-तोड़ लगा रहता है।
हम खुद भी जोड़ - तोड़ में लगे रहते है।
जोड़-तोड़ से अच्छा याद आया कि बिना विघटन के यानि तोड़-फोड़ के नव-निर्माण तो संभव ही नहीं है।
नीड़ का निर्माण फिर-फिर
सृष्टि का आह्वान फिर-फिर !
टूट गया या तोडा गया ; इसके पीछे मंशा क्या रही - यह महत्त्व की बात है।
हर विघटन के बाद सृजन होता ही हो , ऐसा अनिवार्य नहीं।
वैसे ध्यान से देखा जाय तो विघटन और सृजन दो अनिवार्य रूप से पृथक और स्वायत्त परिघटना है।
जो टूट गया सो टूट गया.....

मंगलवार, 26 जनवरी 2010

अलक्षित.ब्लागस्पाट पर कविताप्रेमियो की बढती संख्या को सलाम

आप सबके लिए बनाए गए अलक्षित.ब्लागस्पाट.कॉम पर आने वाले, कविता का रसास्वादन करने वाले दुनिया भर में फैले हुए मित्रों को कवि रवीन्द्र कु दास धन्यवाद सहित नमन करता है।
दोस्तों,
कवि होना कतई अच्छी बात नहीं। यह एक बुराई है। कुछ लोग इसे छद्म व्यापार मानते और कहते हैं, किन्तु वे मित्र हैं तो झूठ नहीं कहते होंगे और मित्र हैं तो उनकी बातों का बुरा भी क्या मानना।
मैं कुछ गंभीर विषय पर आऊं, इसके पहले मैं अपने अनुज सदृश रोशन ( डा. भास्कर लाल कर्ण ) का धन्यवाद और साधुवाद आप लोगों से शेयर करना चाहता हूँ क्योकि उक्त ब्लॉग इसी महाशय के आदेश पर, और प्रयास पर भी, प्रकाश में आ पाया था। रोशन जी, धन्यवाद.
तो बात जहाँ तक कविता की है - इस विषय में दो बातें बहु- स्वीकृत हैं। एक तो यह सबसे पुरानी साहित्यिक विधा है और कविता किसे कहा जाय, यह विवाद का विषय है।
बहरहाल मैं अपने को कवि मान चुका हूँ और जो अलक्षित पर दीखता या दिखती है बेचारी कविता के रूप में ही निवेदित है।
लगभग २० वर्षों से कविता लिखता आ रहा हूँ और इसके सामानांतर यह सोचता भी आ रहा हूँ कि जो मैं लिखा है वह कविता है या नहीं ? और मैं कविता आखिर लिखता ही क्यों हूँ ? बात अचम्भे की हो सकती है पर सच यही है।
'सच यह है कि मैंने तुम्हे पा लिया था
और सच यह भी है कि तुम मुझे छोड़कर जा चुके थे।' (मेरी ही कविता ' कोई कैसे बन जाता है गीत ' से )
कविता कुछ ऐसी ही है मेरे लिए कि वह मुझसे अलग होने मचल उठती है और तब मैं उसे मुक्त कर देता हूँ लेकिन वह बद्ध होकर आप सबकी हो जाती है। मेरी रह ही कहाँ जाती!
खैर! माफ़ करें, मैंने तो बस शुक्रिया अदा करने को उद्यत हुआ था और कुछ अधिक ही कह गया.